टेलीविजन के लाभ
Television ke Labh



आज के भाग दौड़ तथा प्रतिस्पर्धा के युग में मनुष्य का सम्पूर्ण जीवन एक मशीन बनकर रह गया है। अपने मस्तिष्क को नयी स्फूर्ति तथा शक्ति देने के लिये मनुष्य को आराम तथा मनोरंजन की अत्यंत आवश्यकता है। आज के समय में टेलीविजन मनोरंजन का मुख्य साधन है। यह हमें मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान भी देता है। सामान्यत: वर्तमान समय में प्रत्येक घर में टेलीविजन अवश्य होता है। अधिकतर लोग अपना खाली समय टेलीविजन देखकर गुजारते हैं। टेलीविजन से हम घर में बैठे हुये पूरे विश्व की जानकारी ले सकते हैं। इस पर विभिन्न चैनलों पर अनेक पारिवारिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और राजनैतिक कार्यक्रम दिखाये जाते हैं। खेल तथा खबरें भी टेलीविजन पर आती हैं। कोई भी अपने रुचि के कार्यक्रम टेलीविजन पर देख सकता है। एक छात्र के लिये तो टेलीविजन अत्यंत उपयोगी है। वह इस पर विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रम देखकर अपना ज्ञानवर्द्धन कर सकता है। राष्ट्रीय एकता के लिये भी टेलीविजन आवश्यक है। इस पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम देश को भाषायी क्षेत्रीय तथा सामाजिक आधार पर जोड़ते हैं। इस पर आने वाले समाचार देश-विदेश का सही हाल जनता तक पहुंचाते हैं तथा अफवाहों तथा भ्रांतियों को फैलने से रोकते हैं। जनता को अपने कर्तव्य तथा अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में टेलीविजन का बड़ा योगदान है। 


विज्ञान का यह अनुपम उपहार केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं बल्कि ज्ञान का अतुल भण्डार भी है। किन्तु इसका एक दुर्बल पक्ष भी है। इस पर आने वाले बहुत से हिंसक तथा अश्लील कार्यक्रम समाज को गलत संदेश दे रहे हैं तथा युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। टेलीविजन पर आने वाले इन भद्दे कार्यक्रमों तथा फिल्मों से समाज में अश्लीलता, हिंसा, फूहड़पन का प्रसार हो रहा है। ये चीजें भारतीय सभ्यता के भी विरूद्ध हैं। किन्तु किसी चीज के गलत प्रयोग से उसकी उपयोगिता पर प्रश्नचिन्ह नहीं लगाया जा सकता है। टेलीविजन मनुष्य के लिये अत्यंत उपयोगी है। आवश्यकता इस बात की है कि मनुष्य अपनी बुद्धि का सही प्रयोग करके इसका पूरा लाभ उठाये।

300 Words