मोर 
Peacock

मोर एक सुन्दर पक्षी है तथा यह भारत का राष्ट्रीय पक्षी है। भारत में मोर अधिकतर जगहों में पाए जाते हैं। मोर जंगलों में, हरे-भरे खेतों, ऊँचे वृक्षों पर तथा झाड़ियों में रहते हैं। 

मोर देखने में बहुत सुन्दर होते हैं तथा सबको अपनी ओर आकर्षित करते है। यह उड़ भी सकता है परन्तु अधिक ऊँचाई तक नहीं उड़ सकता। मोर की गर्दन बहुत सुन्दर तथा नीली होती है। मोर की चोंच लम्बी तथा नुकीली होती है। मोर के सिर पर कलगी होती है जो ऐसी प्रतीत होती है मानो मोर ने ताज पहन रखा हो। मोर के पंख सबसे ज्यादा सुन्दर होते हैं। इसके पंख रंग-बिरंगे तथा आकर्षक होते हैं। परन्तु मोर के पैर सुन्दर नहीं होते। 

मोर शाकाहारी तथा माँसाहारी दोनों होता है। यह कीड़े-मकोड़े तथा साँप खाता है। यह अनाज के दाने भी खाता है। 

मोर के पंख सजावटी चीजें व सामान बनाने इत्यादि के काम आते हैं। 

मोर के पंखों से आयुर्वेद की दवाईयाँ भी बनाई जाती हैं। भगवान कृष्ण भी अपने मुकुट में मोर के पंख से सजावट करते थे। आज भी मोर पंख सजावट के काम आता है। मोर को वर्षा ऋतु बहुत अच्छी लगती है। जब वर्षा आने से पहले मौसम सुहावना होता है तथा आकाश में काले बादल छा जाते हैं तो यह नाचकर अपनी खुशी प्रकट करता है। नाचते समय यह अपने पंखों को पूरी तरह से फैला देता है जो देखने में बहुत सुन्दर लगता है। 

मोर के पंखों को पवित्र माना जाता है। क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण इसे अपने मुकुट पर धारण करते थे। मोर का शिकार करना मना है यह हमारा राष्ट्रीय पक्षी है। अत: हमें अपने राष्ट्रीय पक्षी की रक्षा करनी चाहिए।