अपने शहर में बच्चों के खेलने के लिए पार्क बनवाने हेतु नगर निगम के अध्यक्ष को एक पत्र लिखें।

155-संत नगर,
फगवाड़ा।
मार्च 9,20...

सेवा में,

माननीय अध्यक्ष जी,
नगर निगम,
फगवाड़ा।

श्रीमान जी,
मैं अपने क्षेत्र के निवासियों के प्रतिनिधि के रूप में आपसे यह निवेदन करता हूँ कि बच्चों के खेलने के एक पार्क का निर्माण करवाया जाए।

फगवाड़ा तेज़ी से तरक्की कर रहा है। सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। नए-नए उद्योग स्थापित करवाए जा रहे हैं। लोग भी नए-नए घर बनवा रहे हैं। कई नए स्कूलों का निर्माण हो रहा है। इस सबके बावजूद यहां बच्चों के लिए कोई पार्क नहीं है। वे सड़क के किनारों पर खेलते हैं। इससे दुर्घटनाएं हो जाती हैं।

बच्चे देश का भविष्य हैं। उनका खास ध्यान रखना चाहिए। उन्हें उनके विकास के लिए पूर्ण अवसर प्रदान करना चाहिए। उन्हें खाली समय में मनोरंजन के लिए तथा खेलने के लिए स्थान मिलना चाहिए।

इसलिए पार्क की बहुत आवश्यकता है। शहर के बीचो-बीच काफी खाली स्थान उपलब्ध है। यह इम्प्रूवमेन्ट ट्रस्ट के कब्जे में है। इसे आसानी से पार्क में तबदील किया जा  सकता है

इस दिशा में शीघ्र ही कोई कदम उठाना चाहिए।

आपका विश्वासपात्र,
बद्रीनाथ