काली खांसी क्यों होती है
Kali Khansi Kyo Hoti Hai
यह बीमारी अक्सर बच्चों को होती है, जो खतरनाक बीमारी है। असल में वह बीमारी 'हमोफाइलस परटूटिस' नामक वैक्टीरिया के कारण होती है। इस बैक्टीरिया का पता सबसे पहले बेल्जियम के 'जूल्स बोरडेट' और फ्रांस के 'औक्तेव गेंगू' ने लगाया। यह बैक्टीरिया फेफड़ों को जाने वाली सांस के ऊतकों पर आक्रमण करता है। इसमें बच्चा खांसते-खांसते परेशान हो जाता है। जब इस रोग से पीड़ित बच्चा खांसता है तो उसके बहुत सारे बैक्टीरिया हवा में बच्चे के चारों तरफ फैल जाते है। ऐसे में अगर कोई स्वस्थ बच्चा उस रोगी के आसपास होता है तो वह भी प्रभावित हो जाता है।
इस रोग की प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की नाक बहनी शुरू हो जाती है और हल्का बुखार हो जाता है, फिर धीरे-धीरे बच्चे को खांसी आनी शुरू हो जाती है। यह रोग बच्चे को एक या डेढ़ महीने परेशान करता है। अगर समय रहते इस रोग का उपचार न कराया जाए तो बच्चे की मृत्यु तक हो जाती है। वैज्ञानिकों के अथक प्रयास से इस रोग के लिए एक टीके का आविष्कार कर लिया है। यह टीका बच्चों को जन्म के एक या दो महिने बाद लगाया जाता है। हां प्रत्येक मां-बाप को अपने बच्चों को इस जानलेवा बीमारी से छुटकारा दिलाने के लिए यह टीका अवश्य लगवा लेना चाहिए।
0 Comments